रोहतक : चन्द्रिका ( TSN)- प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि चुनाव परिणाम एग्जिट पोल से बेहतर आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि लोगों ने दिल खोलकर कांग्रेस को वोट किया है, इसलिए 4 जून को परिणाम इससे भी बेहतर होंगे।पूर्व मुख्यमंत्री रविवार को रोहतक में अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। हालांकि उन्होंने कहा कि जनता का जो भी फैसला आएगा, वह उन्हें मंजूर होगा।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से मतदान के दौरान लगाए गए गड़बड़ी के आरोपों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यह भाजपा सरकार की बौखलाहट है, जो सामने आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को पता चल गया कि हरियाणा में उनका सफाया हो रहा है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वह राजनीतिक घराने में पले बढ़े हैं, इसलिए राजनीति का अच्छा खासा ज्ञान रखते हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की गलत नीतियों के कारण 10 साल में जनता परेशान हो चुकी है। जिसके परिणाम स्वरूप इंडी गठबंधन की सरकार केंद्र में होगी और अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद हरियाणा में कांग्रेस की सरकार होगी।पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकारी नौकरियों में आर्थिक-सामाजिक आरक्षण को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से रद्द किए जाने के फैसले पर कहा कि भाजपा सरकार ने जानबूझकर भर्तियों में कमी छोड़ी है। जिसके चलते युवाओं के भविष्य पर तलवार लटक रही है। कांग्रेस सरकार आने पर 2 लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी।







