भिवानी (अंकुर कपूर): भिवानी पहुंचे कृषि मंत्री जेपी दलाल ने दावा किया कि हरियाणा में विजेता जिला परिषद व पंचायत समिति के पार्षद भाजपा के हैं। साथ ही आरोप लगाया कि पंजाब के लोग हरियाणा के विकास को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे। वहीं आम आदमीं पार्टी को सबसे झूठा बताते हुए कहा कि आप का कोई भविष्य नहीं। बता दें कि कृषि मंत्री सोमवार को भिवानी में अपने आवास पर जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान नव निर्वाचित जिला पार्षद उनसे मिलने पहुंचे और मिठाई खिलाकर आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर उन्होंने पंचायत चुनावों में भाजपा की जीत का दावा कर पंजाब के लोगों व आप पार्टी पर जमकर निशाना साधा। जेपी दलाल ने बताया कि हरियाणा में कल मतगणना के बाद चुने गए जिला परिषद व पंचायत समिति के ज़्यादातर विजेता पार्षद भाजपा के हैं। उन्होंने सभी विजेता व हारे हुए पार्षदों से तनातनी रखने की बजाय एक होकर गांवों का विकास करने की अपील की। वहीं पंजाब के सभी राजनीतिक दलों द्वारा चंडीगढ़ पर अपना हक जाने पर पलटवार किया और कहा कि आज हरियाणा हर मामले में पंजाब से आगे निकल चुका है।
पंजाब के लोग हरियाणा की तर्की को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे। ऐसे में पंजाब के लोग हरियाणा के खिलाफ मानसिकता रखते हुए ऐसी गलत बयानबाज़ी कर रहे हैं। वहीं गुजरात में भाजपा के घोषणा पत्र में छात्रों को फ्री स्कूटी देने के वादे को विपक्ष द्वारा फ्री की रेवड़ी कल्चर से जोड़ने पर कहा कि सरकारी खजाने को देखते हुए जन कल्याण की योजना बनाना ग़लत नहीं। संसाधन ना होने पर केवल चुनाव जीतने के लिए झूठी घोषणा करना गलत होता है।
इसके साथ ही कृषि मंत्री जेपी दलाल ने दिल्ली शराब घोटाले में सीबीआई द्वारा दायर चार्जशीट में मनीष सिसोदिया का नाम ना होने पर कहा कि नाम आता तो आप कहती झूठा है। उन्होंने केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग कोई सरकारी सुविधा ना लेने का दावा करते थे वो आज हवाई जहाज लेकर चलते हैं और जेल में फ़ाइव स्टार सुविधा ले रहे हैं। जेपी दलाल ने कहा कि आप झूठ बोलने वाली पार्टी है और इसका कोई भविष्य नहीं।
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने ज़िला परिषद व पंचायत समिति के ज़्यादातर विजेता पार्षद भाजपा के होने का बड़ा दावा किया है। साथ ही गुजरात में भाजपा के दावों को सही ठहराते हुए आप पर पलटवार किये हैं। ऐसे में देखना होगा कि जेपी दलाल के इन दावों को विपक्ष व जनता कैसे देखती है।







