रेवाड़ी (अंकुर कपूर): रेवाड़ी के भालकी माजरा में बनने वाले एम्स का शिलान्यास अभी चुनावी अचार संहिता लगे होने के कारण गुजरात चुनावों के बाद ही हो पाएगा। वैसे इसके निर्माण की सभी औपचारिकताएं लगभग पूरी हो चुकी हैं और इसके लिए संसद सत्र शुरू होने पर ही आगे की रणनीति पर बातचीत हो सकेगी, यह कहना है केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का जो सोमवार को उनके रेवाड़ी निवास पर आए सभी नए पंचायती व जिलापरिषद के जनप्रतिनिधियों को बधाई देने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
इस मौके पर चुनकर आए पंचों सरपंचों व जिला परिषद सदस्यों को संदेश देते हुए कहा कि जीतने के बाद जनप्रतिनिधि सोचते हैं कि अब उनकी आगे की राह आसान हो गई है, लेकिन ऐसा नहीं है राह को आसान बनाने के लिए उन्हें अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए अधिक से अधिक समय अपने हल्के ओर हल्के के लोगों के लिए निकालना होगा। जिनकी वजह से उन्हें यह राजनीति में आकर सेवा करने का मौका मिला है। इस मौके पर भाजपा नेत्री आरती राव, सुनील मूसेपुर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।







