Home Haryana टोक्यो ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा के पिता सतीश से एक्सक्लूसिव बातचीत, जानिए...

टोक्यो ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा के पिता सतीश से एक्सक्लूसिव बातचीत, जानिए क्या कहा

224
0

पानीपत: हरियाणा के पानीपत जिले के ओलिंपिक चैंपियन जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने लुसाने डायमंड लीग में इतिहास रच दिया है। उन्होंने अपने पहले ही थ्रो में 89.08 मीटर दूर जैवलिन फेंककर जीत हासिल की। इसके साथ ही वे डायमंड लीग मीटिंग खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने। खुशी की बात यह है कि उन्होंने डायमंड लीग फाइनल के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है। यह 7 और 8 सितंबर को स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में होगा। वे अगले साल होने वाली वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भी क्वालिफाई कर गए हैं। इस बारे में उनके पिता से खास बातचीत की। उन्होंने मीडिया के माध्यम से देशवासियों का धन्यवाद किया और कहा कि नीरज की उपलब्धि में पूरे देशवासियों की दुआएं शामिल हैं।

टोक्यो ओलंपिक चैंपियन के पिता से बातचीत

नीरज के पिता ने बताया कि उनके बेटे ने शुक्रवार रात को हुई गेम में भाग लिया। इससे पहले जो मुकाबला हुआ था, उसमें उन्हें चोट लग गई थी। जिस कारण उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम में भाग नहीं लिया था। डायमंड लीग में डॉक्टरों की सलाह से ही भाग लिया था। इस प्रतियोगिता से पहले नीरज से फोन पर बातचीत हुई थी। उन्होंने बताया था कि अब वे दर्द से काफी हद तक उभर चुके हैं। चोट में काफी आराम है। मैं खेल सकता हूं। इसके बावजूद पिता ने कहा था कि वह डॉक्टरों की सलाह से खेलने का फैसला लें। हार-जीत तो हिस्सा है। जिस पर नीरज ने कहा था कि मैं देश के लिए दर्द सहन कर सकता हूं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि पिछली गेम के दौरान हुई चोट और इस गेम के बीच उन्हें करीब 20 दिन का समय तैयारी के लिए मिल गया था। डॉक्टरों ने भी गेम खेलने की हरी झंडी दी थी। जिस कारण नीरज ने इस गेम में हिस्सा लिया और एक नया इतिहास रच दिया। नीरज का आगे का टारगेट कम से कम दो और ओलंपिक खेलने के हैं। आगे 7-8 सितंबर को वर्ल्ड चैंपियनशिप होगी। जिसमें भी नीरज भी खेलेगा। 

नीरज चोपड़ा ने स्टॉकहोम डायमंड लीग में बनाया था नया रिकॉर्ड

नीरज चोपड़ा ने स्टॉकहोम में हुई डायमंड लीग में 89.94 मीटर के थ्रो के साथ नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया था। यह उनका पर्सनल बेस्ट रिकॉर्ड भी था। यह चौथा मौका था, जब नीरज की वजह से भारत को कोई पदक पहली बार मिला है। चोट के बाद दमदार वापसी करते हुए नीरज ने पहले ही प्रयास में 89.08 मीटर दूर भाला फेंककर खिताब पर कब्जा जमाया। छोटी उम्र में ही नीरज ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कर ली हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here