अंबाला: गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने अंबाला पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में फिर जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं को सुना। साथ ही उनके निपटारे के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में लोग अपनी समस्या लेकर अंबाला कैंट पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस जनता दरबार में पहुंचे। वहीं आज फिर काफी संख्या में लोगों ने बीजेपी ज्वाइन की।
अनिल विज ने गुलाम नबी आजाद के कांग्रेस पार्टी छोड़ने पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी इसके साथ ही राकेश टिकैत के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। दोपहर के समय अपनी बारी को लेकर धक्कामुक्की तक की नौबत आ गई थी। पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभालते हुए बेकाबू भीड़ को संभाला। इस दौरान कैथल व पलवल से आए दो बुजुर्ग भी बेहोश होकर गिर गए। जनता दरबार में पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में लोगों का जनसैलाब उमड़ा जिस पर गृह मंत्री ने कहा कि सब की समस्याओं को सुनेंगे। आखरी आदमी तक सुनकर ही उठेंगे। जब उनसे पूछा गया कि ज्यादातर समस्याएं पुलिस विभाग की आती हैं तो उन्होंने कहा कि मेरे पास यह डिपार्टमेंट है इस कारण ज्यादातर समस्याएं आती है।







