रेवाड़ी (अंकुर कपूर): रेवाड़ी में नाबालिग लड़की को किडनैप कर रेप करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रेवाड़ी के कस्बा बावल में पिछले 10 साल से रहने वाले यूपी के एक परिवार की 12 साल की लड़की का 4 दिसंबर की रात अपहरण हो गया था। बावल थाना पुलिस ने इस मामले में किडनैपिंग का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया था।
नाबालिग से जब पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से भगाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में बावल थाना पुलिस ने दुष्कर्म की धारा जोड़ते हुए बदमाश साहिल के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। इस बीच पुलिस ने साइबर सैल और मुखबिर की मदद ली तो आरोपी का सुराग लग गया।
बावल थाना प्रभारी विद्या सागर ने बताया कि आरोपी साहिल राजस्थान के जिला अलवर के कस्बा शाहजापुर के गांव सागसाण का रहने वाला है। उसके खिलाफ 7-8 आपराधिक मामले दर्ज है। कुछ दिन पहले ही उसने शहजापुर में हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। भिवाड़ी एसपी ने उसके ऊपर 2 हजार रुपए का इनाम भी रखा हुआ था।
मंगलवार को बावल पुलिस ने गुप्त सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। आरोपी से एक देसी कट्टा व एक पिस्टल के अलावा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए है। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जाएगी कि वह हथियार कहा से लेकर आया।







