फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में इंसानियत की हद पार करने का मामला सामने आया है। जहां एक 12 साल की मासूम बच्ची की दरिंदों ने रेप के बाद हत्या कर दी। बता दें कि पीड़ित बच्ची 4 क्लास में पढ़ती थी। बच्ची का शव रेलवे लाइन के पास ही झाड़ियों में नग्न अवस्था में बरामद हुआ। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई।
मौके पर पुलिस के आला अधिकारी भी जांच के लिए पहुंचे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक मृतका मूलरूप से बिहार के जिला आरा की रहने वाली थी। फरीदाबाद में रेलवे लाइन के किनारे आजाद नगर झुग्गी में मां के साथ रहती थी। मां बच्चों के पालन पोषण के लिए एक निजी कंपनी में नौकरी करती है।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार की रात करीब 9 बजे 12 वर्षीय बच्ची बहन के घर से शौच के लिए रेलवे लाइन के किनारे जाने के लिए निकली थी। दरअसल आजाद नगर झुग्गी में कहीं शौचालय नहीं बना है। काफी देर तक वापस न आने पर उसकी बहन व जीजा उसकी तलाश में निकले। इसके बाद बच्ची मुजेसर फाटक और बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच झाड़ियों में रेलवे लाइन के किनारे पूरी तरह से नग्न अवस्था में अचेत मिली। सूचना पर पहुंची जीआरपी और आरपीएफ की टीम उसे लेकर बीके अस्पताल पहुंची। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।







