राकेश कुमार शर्मा , करनाल। श्रावण मास के दौरान करनाल के सेक्टर-9 स्थित सनातन धर्म शिव मंदिर में हुई बड़ी चोरी की वारदात ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। बेखौफ चोर देर रात मंदिर में घुसे और भगवान की मूर्तियों पर सजे चांदी के मुकुट, चांदी का छत्र, शेषनाग समेत कई कीमती धार्मिक आभूषण चोरी कर फरार हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंच गए।







