Home Haryana रेवाड़ी में फर्जी रक्तदान शिविर का पर्दाफाश, 24 युवाओं का रक्त लेकर...

रेवाड़ी में फर्जी रक्तदान शिविर का पर्दाफाश, 24 युवाओं का रक्त लेकर फरार हुए आरोपी

6
0

रेवाड़ी। जिले के बावल क्षेत्र में फर्जी ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर युवाओं का रक्त एकत्र करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। झाबुआ रोड पर  दोपहर आयोजित इस कथित शिविर में 24 से अधिक युवाओं ने रक्तदान किया, लेकिन बाद में शिविर संचालकों की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। आरोप है कि रक्त एकत्र करने वाले लोग बिना वैध दस्तावेज और अनुमति के शिविर चला रहे थे तथा लोगों के सवाल उठाने पर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार,  दोपहर करीब एक बजे एक बोलेरो वाहन में सवार छह लोग झाबुआ रोड पर पहुंचे और रक्तदान शिविर आयोजित करने का दावा करते हुए स्थानीय युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करने लगे। सामाजिक सेवा और जरूरतमंद मरीजों की मदद के नाम पर उन्होंने युवाओं का भरोसा जीता, जिसके बाद करीब दो दर्जन से अधिक युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब स्थानीय युवक तरुण को शिविर की कार्यप्रणाली पर संदेह हुआ। उसने आयोजकों से उनकी संस्था, रक्त संग्रहण की अनुमति, मेडिकल टीम और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानकारी मांगी। पूछताछ के दौरान शिविर संचालक कोई स्पष्ट या संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिससे लोगों का शक और गहरा गया।

तरुण ने तुरंत आसपास के लोगों को मामले की जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। खुद को घिरता देख शिविर संचालक जल्दबाजी में अपना सामान समेटकर बोलेरो गाड़ी में सवार हुए और वहां से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यह गिरोह रक्तदान शिविरों की आड़ में रक्त एकत्र कर उसे अवैध रूप से बेचने का काम कर सकता है। हालांकि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नेटवर्क और वास्तविक मंशा का खुलासा हो सकेगा।

मामले की शिकायत मिलने के बाद बावल थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी फूल कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान और तलाश के लिए कार्रवाई जारी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है तथा जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here