Home Haryana चलती ट्रेन में फिसला यात्री, आरपीएफ कांस्टेबल की सूझबूझ से टला बड़ा...

चलती ट्रेन में फिसला यात्री, आरपीएफ कांस्टेबल की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

6
0

अंकुर कपूर, अंबाला।अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक जवान की सतर्कता और बहादुरी से एक यात्री की जान बच गई। ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरने ही वाला था, लेकिन मौके पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बाहर खींच लिया। घटना का वीडियो भी स्टेशन पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 14524 हरिहर एक्सप्रेस  रात करीब 10:30 बजे अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची थी। ट्रेन में यात्रियों की भारी भीड़ होने के कारण एक यात्री जल्दबाजी में डिब्बे में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच फंसने की स्थिति में पहुंच गया।

उस समय प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे आरपीएफ कांस्टेबल मनिंदर सिंह ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाई और यात्री को पकड़कर सुरक्षित बाहर खींच लिया। उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती तो यात्री ट्रेन की चपेट में आ सकता था।

घटना के बाद यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने आरपीएफ जवान की बहादुरी और सतर्कता की सराहना की। समय रहते की गई कार्रवाई से एक व्यक्ति की जान बच गई और स्टेशन पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र ने यात्रियों से अपील की कि वे ट्रेन में चढ़ने या उतरने के दौरान किसी प्रकार की जल्दबाजी न करें। उन्होंने कहा कि यात्री समय से स्टेशन पहुंचें और ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही सुरक्षित तरीके से चढ़ें या उतरें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसों को रोक सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here