Home Haryana पलवल में झमाझम बारिश से खिली किसानों की उम्मीद, धान-गन्ने की फसल...

पलवल में झमाझम बारिश से खिली किसानों की उम्मीद, धान-गन्ने की फसल को बड़ा फायदा

9
0

सुंदर कुंडू, पलवल।लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने पलवल जिले के किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हालिया वर्षा खरीफ की अधिकांश फसलों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। विशेष रूप से धान और गन्ने की फसल को इस बारिश से सबसे अधिक फायदा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, कृषि विभाग ने कपास की खेती करने वाले किसानों को सतर्क रहने और खेतों में जलभराव नहीं होने देने की सलाह दी है।

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, पलवल के सहायक तकनीकी प्रबंधक अतुल कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में 71 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इसके अलावा हथीन में 31 मिलीमीटर, बहीन में 37 मिलीमीटर और होडल में 3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। उन्होंने कहा कि समय पर हुई यह वर्षा खरीफ सीजन की फसलों के लिए संजीवनी का काम करेगी।

अतुल कुमार शर्मा ने बताया कि लगातार हुई बारिश से धान की फसल को पर्याप्त पानी मिल गया है, जिससे पौधों की बढ़वार बेहतर होगी। वहीं गन्ना, ज्वार और बाजरा जैसी फसलों के लिए भी यह वर्षा बेहद लाभदायक मानी जा रही है। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण मिट्टी में नमी बढ़ती है, जिससे फसलों की वृद्धि तेज होती है और कई प्रकार के रोगों का प्रभाव भी कम हो जाता है।

हालांकि विभाग ने कपास उत्पादक किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। अधिकारियों के अनुसार कपास की फसल में लंबे समय तक पानी जमा रहने से नुकसान हो सकता है। इसलिए किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी की तुरंत निकासी करनी चाहिए, ताकि फसल सुरक्षित रह सके।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि बारिश के बाद अपने खेतों का निरीक्षण अवश्य करें। यदि किसी फसल को नुकसान पहुंचा है तो कृषि विभाग के कार्यालय में संपर्क कर विशेषज्ञों से सलाह लें। साथ ही हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार द्वारा समय-समय पर जारी कृषि एडवाइजरी का पालन करें, ताकि फसलों का बेहतर प्रबंधन किया जा सके।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here