Home Haryana होडल नागरिक अस्पताल में महीनों से महिला डॉक्टर का अभाव, इलाज के...

होडल नागरिक अस्पताल में महीनों से महिला डॉक्टर का अभाव, इलाज के लिए परेशान महिलाएं

5
0

सुंदर कुंडू, पलवल। पलवल जिले के होडल स्थित उपमंडल नागरिक अस्पताल में पिछले कई महीनों से महिला डॉक्टर की नियुक्ति न होने के कारण महिला मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में इलाज के लिए आने वाली महिलाओं को मजबूरी में पुरुष डॉक्टरों से उपचार कराना पड़ रहा है। महिला मरीजों का कहना है कि कई स्वास्थ्य समस्याएं ऐसी होती हैं, जिनके बारे में वे केवल महिला डॉक्टर से ही सहज होकर बात कर सकती हैं। महिला चिकित्सक की अनुपलब्धता के कारण कई महिलाएं सरकारी अस्पताल की बजाय निजी अस्पतालों का रुख करने को मजबूर हैं।

स्थानीय महिलाओं का कहना है कि क्षेत्र के प्रमुख सरकारी अस्पताल होने के बावजूद यहां लंबे समय से महिला डॉक्टर की तैनाती नहीं की गई है। ऐसे में स्त्री रोग और अन्य संवेदनशील बीमारियों से पीड़ित महिलाओं को इलाज कराने में असहजता महसूस होती है। उनका कहना है कि कई बार शर्म और संकोच के कारण वे अपनी पूरी समस्या पुरुष डॉक्टर के सामने नहीं बता पातीं, जिससे उपचार भी प्रभावित होता है।

महिला मरीजों ने बताया कि अस्पताल में महिला चिकित्सक की कमी कोई नई समस्या नहीं है, बल्कि यह स्थिति कई महीनों से बनी हुई है। इसके चलते अनेक महिलाएं सरकारी अस्पताल में इलाज कराने से बच रही हैं और आर्थिक बोझ उठाकर निजी अस्पतालों में उपचार कराने को मजबूर हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से जल्द महिला डॉक्टर की नियुक्ति करने की मांग की है।

इस संबंध में जब अस्पताल में ड्यूटी कर रहे पुरुष डॉक्टर से बातचीत करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने इस विषय पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे उसी के अनुसार मरीजों का उपचार कर रहे हैं।

गौरतलब है कि सरकार की ओर से प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में महिला मरीजों की सुविधा के लिए महिला डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के दावे किए जाते रहे हैं। इसके बावजूद होडल जैसे उपमंडल नागरिक अस्पताल में लंबे समय से महिला डॉक्टर का पद खाली होना स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाना चाहिए, ताकि महिलाओं को बेहतर और सहज स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here