हरियाणा | हरियाणा में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। नदियां उफान पर हैं और कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। पहाड़ों पर लगातार बारिश के चलते यमुना नदी पिछले 60 घंटे से खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। वहीं, दिल्ली के ओखला बैराज से 2.35 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद फरीदाबाद और आसपास के इलाकों में खतरा और बढ़ गया है।
आज किन जिलों में होगी बारिश?
मौसम विभाग ने 4 सितंबर को हरियाणा के कई जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और पंचकूला में मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, पश्चिमी हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।
IMD के ताजा अपडेट के अनुसार, आज सुबह 8.05 बजे जारी अलर्ट में अगले तीन घंटों में नूह, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, हिसार, जींद, सिरसा और फतेहाबाद समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी संभावित है।
हल्की से मध्यम बारिश की संभावना इन जिलों में भी
फिरोजपुर झिरका, हथीन, पुन्हाना, नूह, पलवल, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, नारनौल, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, सोनीपत, जींद, कैथल, सिरसा और चंडीगढ़ में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है।
लगातार हो रही बारिश से निचले इलाकों में जलभराव और फसल नुकसान की आशंका है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और नदियों-नालों के किनारे जाने से बचने की अपील की है।







