चंडीगढ़ ( chandrika) – आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में लोगों को आ रहे महंगे बिजली बिल को लेकर प्रदेश सरकार को घेरा है । आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने बिजली मंत्री रणजीत चौटाला के बयान को लेकर कहा कि महंगे बिजली बिल आने पर प्रदेश की जनता को राहत देने की बजाय वे जनता का मजाक उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के लोग बिजली मंत्री को इसका जवाब जरूर देंगे।
यदि आम आदमी पार्टी की सरकार होती तो बिजली बिल ही नहीं आता
डॉ अशोक तंवर ने कहा कि पूरा हरियाणा बिजली संकट से जूझ रहा है और महंगे बिजली बिलों से हर हरियाणा वासी त्रस्त है। उन्होंने कहा कि कैथल में एक बुजुर्ग जो पेंशन से गुजारा करते हैं। एक कमरे का टूटा हुआ मकान है और मकान में एक पंखा और एक बल्ब है। उसका बिजली बिल 4 लाख से ज्यादा का आया। यदि आम आदमी पार्टी की सरकार होती तो बिजली बिल ही नहीं आता। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी बिजली मंत्री रणजीत चौटाला हरियाणा के 5700 से ज्यादा गांव में 24 घंटे में बिजली देने की कह चुके हैं, लेकिन बिजली मंत्री अपने खुद के गांव में तो 24 घंटे बिजली दे नहीं सकते पूरे हरियाणा को क्या देंगे। बिजली मंत्री के खुद के गांव में 8 से 10 घंटे बिजली के कट लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में गरीब लोगों के लिए बिजली का बिल भरना किसी आफत से कम नहीं है। आम लोगों का 50 हजार से एक लाख रुपए तक का बिल आ रहा है। जबकि दिल्ली और पंजाब में 24 घंटे बिजली मुफ्त मिल रही है, हरियाणा में महंगी बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने सरकार बनते ही बकाया बिजली बिलों को माफ कर दिया था। जब पंजाब और दिल्ली में बिजली के बिल माफ हो सकते हैं तो हरियाणा में क्यों नहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पंजाब और दिल्ली की तर्ज पर प्रदेश से गठबंधन सरकार का जल्द सफाया करेगी।
बिजली मंत्री के गृह जिले में भी बिजली कट से लोग परेशान
डॉ अशोक तंवर ने कहा कि गठबंधन सरकार पहले महंगी बिजली और अब स्मार्ट मीटर के नाम पर लोगों को चूना लगा रही है। स्मार्ट मीटर का उपभोक्ताओं को कोई फायदा नहीं हो रहा है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद अब लोगों के कई गुना बिजली के बिल आ रहे हैं। स्मार्ट मीटर से प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद लोगों का शोषण हो रहा है। हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के तुरंत बाद पंजाब की तर्ज पर बकाया बिजली के बिल माफ किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद के कुम्हारिया में परमाणु बिजली संयंत्र का काम भी अधर में लटका पड़ा है और सिरसा में 62 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं व उसके अनुपात में स्टाफ बेहद कम है। सिरसा में बिजली मंत्री रणजीत चौटाला और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का गृह जिला होने के बावजूद भी बिजली कट का बुरा हाल है।
बिजली बिलों को माफ करने का जादू सिर्फ अरविंद केजरीवाल के पास
डॉ अशोक तंवर ने कहा कि बिजली बिलों को माफ करने का जादू सिर्फ अरविंद केजरीवाल के पास है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी वादे नहीं करती गारंटी देती है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा की जनता आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की तरफ आशाओं भरी निगाहों से देख रही है। 2024 में पंजाब और दिल्ली के बाद हरियाणा में भी भारी बहुमत से आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी बनेगी।







