चंडीगढ़ | हरियाणा और पंजाब के बीच भाखड़ा नंगल से पानी की आपूर्ति को लेकर विवाद तेज हो गया है। इसी कड़ी में इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा नंगल बांध के कंट्रोलिंग स्टेशन पर ताला लगवाने की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इस कार्रवाई को संघीय ढांचे पर सीधा हमला और गंभीर आपराधिक कृत्य करार दिया है।
अभय चौटाला ने केंद्र सरकार से सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि भगवंत मान के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह देश के इतिहास में पहली बार हुआ है कि हिमाचल से छोड़े गए पानी के प्रवाह को किसी राज्य सरकार द्वारा रोका गया हो।
भाखड़ा बोर्ड में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की मांग
अभय चौटाला ने केंद्र सरकार से मांग की कि भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती कर पंजाब पुलिस को तत्काल हटाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने हरियाणा सरकार से बोर्ड में तकनीकी सदस्य की नियुक्ति शीघ्र करने का आग्रह किया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द हस्तक्षेप नहीं किया, तो हालात बिगड़ सकते हैं और इनैलो हरियाणा की जनता के साथ सड़क पर उतरने को मजबूर होगी।
“तीनों दलों का असली चेहरा बेनकाब हुआ” – चौटाला
इनेलो प्रमुख ने आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और भाजपा पर एकजुट होकर पंजाब में हरियाणा का हक रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये दल हरियाणा की जनता के सामने तो हक दिलाने की बात करते हैं, लेकिन पंजाब में एकजुट होकर हरियाणा का पानी रोकने का षड्यंत्र रचते हैं।







