चरखी दादरी। स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक ईको गाड़ी में भारी मात्रा में चरस लेकर दादरी की ओर आ रहे थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 11 किलो 50 ग्राम चरस (सुल्फा) बरामद की। पकड़े गए आरोपियों में हिसार निवासी एक व्यक्ति और बिहार की रहने वाली महिला शामिल हैं।
पुलिस को पहले से मिली गुप्त सूचना के आधार पर बौंद कलां के पास रोहतक-दादरी रोड पर नाकाबंदी की गई थी। कुछ समय बाद खैरड़ी मोड़ की ओर से एक ईको वाहन आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रोककर उसमें सवार एक पुरुष और एक महिला को हिरासत में लिया। राजपत्रित अधिकारी की उपस्थिति में तलाशी लेने पर शुरू में उनके पास से कुछ नहीं मिला, लेकिन बाद में जब वाहन की गहन तलाशी ली गई तो ड्राइवर सीट के आगे पायदान पर रखा एक काला बैग बरामद हुआ, जिसमें 11.05 किलोग्राम चरस छिपाई गई थी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। डीएसपी धीरज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने महिला आरोपी को छह दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा, जबकि पुरुष आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हिसार जिले के पुट्ठी गांव निवासी जिले सिंह और बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली की रहने वाली महिला के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।







