Home Haryana सरदार पटेल जयंती पर पलवल में निकाली रन फॉर यूनिटी, हजारों लोगों...

सरदार पटेल जयंती पर पलवल में निकाली रन फॉर यूनिटी, हजारों लोगों ने लिया भाग

25
0
Screenshot

सुंदर कुंडू, पलवल। भारत के लौह पुरुष और देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को पलवल में राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के खेल एवं कानून मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ होडल के विधायक हरेंद्र सिंह और हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल भी मौजूद रहे।

खेल मंत्री गौरव गौतम ने सेक्टर-2 स्थित सामुदायिक केंद्र से नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंडोर स्टेडियम तक आयोजित दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और शहरवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

इस अवसर पर मंत्री गौरव गौतम ने सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहा। आजादी के बाद उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता के बल पर देश की 563 रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक मजबूत राष्ट्र बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। इसी योगदान के कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की जयंती केवल उन्हें याद करने का दिन नहीं है, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को अपनाते हुए राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने का संकल्प लेने का अवसर भी है। इस दिन देशभर में रन फॉर यूनिटी सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिनका उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं में राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक समरसता की भावना को बढ़ावा देना है।

मंत्री ने कहा कि रन फॉर यूनिटी का मूल संदेश है कि पूरा देश एक है और इसकी एकता एवं अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। दौड़ में युवाओं की बड़ी भागीदारी इस बात का संकेत है कि नई पीढ़ी राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक है। उन्होंने कहा कि भाषा, क्षेत्र, जाति और धर्म से ऊपर उठकर सभी को राष्ट्रहित को प्राथमिकता देनी चाहिए।

गौरव गौतम ने कहा कि यह आयोजन राष्ट्रीय एकता के साथ-साथ युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करता है। नियमित दौड़, व्यायाम और खेल गतिविधियों से शरीर स्वस्थ रहता है तथा अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान खेलों और खिलाड़ियों के दम पर देश-विदेश में बनी है। प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने, ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का विस्तार करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर मंत्री गौरव गौतम ने प्रदेश और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विचार और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल हुए सभी युवाओं, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और नागरिकों का आभार भी व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here