Home Haryana कैथल में एथनॉल टैंकर और ट्रक की टक्कर के बाद विस्फोट, चालक...

कैथल में एथनॉल टैंकर और ट्रक की टक्कर के बाद विस्फोट, चालक की मौत

10
0
Screenshot

कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में चंडीगढ़-हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। कलायत क्षेत्र के गांव शिमला के पास एथनॉल से भरे टैंकर और धान से लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद टैंकर में विस्फोट हो गया और दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में टैंकर चालक की मौत हो गई। मृतक राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धान से लदे ट्रक का चालक सड़क किनारे वाहन खड़ा कर उसके पहियों में हवा की जांच करने के लिए नीचे उतरा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा एथनॉल से भरा तेज रफ्तार टैंकर अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर में जोरदार धमाका हुआ और आग ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही कलायत थाना प्रभारी रणदीप सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की पांच से छह गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here