पानीपत (सुन्दर कुंडू)। पानीपत के संजय चौक पर शाम वाहन जांच के दौरान एक युवक और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि बिना नंबर प्लेट की बाइक चला रहे युवक ने एल्को सेंसर से जांच कराने से इनकार करते हुए पुलिसकर्मियों से बहस की और बाद में ड्यूटी पर तैनात ASI को थप्पड़ मार दिया।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस के अनुसार, संजय चौक पर बिना नंबर प्लेट की बाइक देखकर पुलिसकर्मियों ने युवक को रोका था। पूछताछ के दौरान उसके मुंह से शराब की गंध आने पर पुलिस ने उसे एल्को सेंसर से जांच कराने के लिए कहा। आरोप है कि युवक ने सेंसर में फूंक मारने के बजाय पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी। इसी दौरान उसने ASI पर आपत्तिजनक शब्द कहने का आरोप लगाया और उसके कंधे पर हाथ मार दिया।
बताया जा रहा है कि युवक की हरकत से नाराज ASI ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद युवक ने भी ASI के मुंह पर थप्पड़ जड़ दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ASI युवक से कसम खाने के लिए कहता हुआ सुनाई दे रहा है। युवक की ओर से भी जवाब देते हुए धार्मिक शपथ लेने की बात कही जा रही है।DSP के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान असलम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर केस दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कराई जा रही है। पुलिस मामले की पूरी घटना और वायरल वीडियो के आधार पर जांच कर रही है।







