झज्जर। सीईटी पास अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर आवाज उठा रहे सीजेपी कार्यकर्ता संदीप मास्टर को पुलिस द्वारा उनके घर से ले जाने का मामला सामने आया है। संदीप को पुलिस द्वारा डिटेन किए जाने की सूचना के बाद सीजेपी प्रवक्ता अभिता द्विजा चेची अपने समर्थकों के साथ पुलिस थाने पहुंचीं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने चेची को भी डिटेन कर लिया।
बादली निवासी संदीप की पत्नी संजू गुलिया ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके घर पहुंचे और संदीप को अपने साथ ले गए। संजू के मुताबिक, घर पहुंचे लोगों ने संदीप से अगले दो दिनों में होने वाले कार्यक्रमों के बारे में जानकारी ली। साथ ही उनसे किसी भी तरह की अराजकता फैलाने से दूर रहने को कहा गया।
संजू ने बताया कि उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी प्रकार की अराजकता फैलाने का काम नहीं कर रहे हैं। इसके बाद संदीप को उनके साथ ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद अभिता द्विजा चेची समर्थकों के साथ थाने पहुंचीं, जहां पुलिस ने उन्हें भी डिटेन कर लिया।
संजू गुलिया ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि बेरोजगारी और सीईटी अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर उनका परिवार आगे भी आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने का प्रयास जारी रहेगा।
बताया गया है कि 28 सितंबर को संदीप कुमार ने झज्जर के जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर सीईटी पास अभ्यर्थियों की विभिन्न मांगों को उठाया था। इसके बाद उन्हें घर से ले जाने की घटना सामने आई।
पुलिस थाना प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि हिसार में प्रस्तावित रैली को देखते हुए संदीप को डिटेन किया गया है। फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।







