गन्नौर | गन्नौर क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने पत्नी की दूसरी शादी का विरोध किया तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला क्या है?
समालखा के पट्टी कल्याणा गांव निवासी कुनाल ने बताया कि उसने करीब एक साल पहले पड़ोसी गांव की युवती से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के नौ महीने बाद पत्नी बिना बताए मायके चली गई और उस पर खर्चे का केस दर्ज करा दिया।
आरोप है कि जुलाई 2025 में युवती के परिवार ने उसकी दूसरी जगह शादी कर दी। जब युवक को इसका पता चला तो उसने खर्चा देने से इनकार कर दिया। इसके बाद लड़की के पिता ने उसे फोन पर रुपये देने की धमकी दी।
ससुराल पक्ष ने किया हमला
कुनाल के मुताबिक, 24 सितंबर को जब वह बाइक से गन्नौर से गांव लौट रहा था, तभी बादशाही रोड पर मेरिनो केबल कंपनी के पास दो बाइकों पर आए चार–पांच युवकों ने उसे घेर लिया और डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान उसकी पत्नी का पिता और चाचा भी मौजूद थे, जो हमलावरों को उकसा रहे थे।
शोर सुनकर लोग इकट्ठा हुए तो सभी आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। घायल युवक को पहले समालखा अस्पताल और फिर खानपुर मेडिकल रेफर किया गया, जहां मेडिकल जांच में उसके शरीर पर सात चोटें पाई गईं।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी युवती के पिता, चाचा समेत अन्य हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।







