चंडीगढ़। हरियाणा में मानसून की विदाई के बाद मौसम के मिजाज में बदलाव शुरू हो गया है। प्रदेश में उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ने से दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है और अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
दिन के समय तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जबकि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते रात के तापमान में गिरावट आने से हल्की ठंडक महसूस हो रही है। प्रदेश के कई जिलों में दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है। हालिया आंकड़ों के अनुसार, महेंद्रगढ़ 34.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में हरियाणा में दिन का तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण वातावरण में नमी कम हो रही है और आसमान साफ बना हुआ है।
फिलहाल प्रदेश में न तो कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और न ही मानसूनी प्रणाली का प्रभाव दिखाई दे रहा है। ऐसे में बारिश की संभावना बेहद कम है। साफ आसमान के कारण दिन में धूप की तपिश बढ़ेगी, जबकि रात के समय ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट जारी रह सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मौजूदा परिस्थितियां किसानों के लिए फसलों की कटाई और उन्हें सुखाने के लिहाज से अनुकूल हैं। हालांकि, दिन में गर्मी और रात में ठंडक के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव से सर्दी-जुकाम और बुखार जैसी मौसमी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के बीच स्वास्थ्य को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।







