सुन्दर कुंडू ,पलवल। शराब के नशे में घर पर हंगामा कर रहे पिता की शिकायत उसकी बेटी ने पुलिस से कर दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची ईआरवी टीम ने व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वह शांत होने के बजाय पुलिसकर्मियों से ही उलझ गया। इस दौरान उसने एक एसपीओ के साथ मारपीट करने के साथ उसकी वर्दी फाड़ दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी और व्यक्ति एक-दूसरे को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं।यह मामला 28 सितंबर की रात का बताया जा रहा है।
चांदहट थाना प्रभारी अश्वनी के अनुसार, ईआरवी-501 पर तैनात पुलिस टीम को प्रीति नाम की युवती ने सूचना दी थी कि उसके पिता सुखबीर शराब के नशे में घर में झगड़ा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस को सुखबीर नशे की हालत में मिला। टीम ने उसे समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उसने एसपीओ हरकेश शर्मा के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसने हरकेश शर्मा की वर्दी भी फाड़ दी। बताया गया है कि सुखबीर ने अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और उन्हें धमकी दी।हंगामा बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने किसी तरह सुखबीर को काबू कर लिया। इसके बाद सुखबीर और एसपीओ हरकेश शर्मा को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों का मेडिकल कराया गया।
पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट में सुखबीर के मुंह से शराब की गंध आने का उल्लेख किया गया है। आरोपी के साथ ईआरवी टीम में शामिल एसपीओ का भी एल्कोहल टेस्ट कराया गया।वहीं, सुखबीर के परिवार ने पुलिस पर उसे थाने ले जाकर मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने इन आरोपों पर अलग से क्या कार्रवाई की है, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।पुलिस ने सुखबीर के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, पुलिसकर्मी से मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







