महेंद्रगढ़-:हरियाणा के महेंद्रगढ़ में रविवार को गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वागत किया। गांव गोद में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर आगे रवाना किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों और सेवा संकल्प से विकसित भारत तक के लक्ष्य का उल्लेख किया।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक की यह यात्रा सेवा से संकल्प, संकल्प से सिद्धि और सिद्धि से विकसित भारत की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश देती है।उन्होंने महेंद्रगढ़ को इतिहास,पराक्रम और राष्ट्रीय स्वाभिमान की धरती बताते हुए यात्रा के यहां पहुंचने को विशेष अवसर बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वडनगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि है,जबकि वाराणसी उनकी कर्मभूमि है।उनके अनुसार,जनसेवा को राजनीति का मूल उद्देश्य मानते हुए प्रधानमंत्री ने लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन में काम किया है और गरीब कल्याण तथा देश के विकास को प्राथमिकता दी है.मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का भी जिक्र किया।उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन,उज्ज्वला योजना,हर घर बिजली, नल से जल, जनधन योजना,प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि डिजिटल क्षेत्र में भारत की पहचान मजबूत हुई है और यूपीआई, स्टार्टअप, ड्रोन, अंतरिक्ष, एआई, सेमीकंडक्टर, रक्षा उत्पादन और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी बढ़ी है।मुख्यमंत्री ने अंतरिक्ष क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने कठिन लक्ष्यों को हासिल करने का आत्मविश्वास दिखाया है। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी सरकार की नीतियों का उल्लेख किया।
नायब सिंह सैनी ने अनुच्छेद 370 हटाए जाने, वन रैंक वन पेंशन और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता जैसे मुद्दों का भी जिक्र किया। कोरोना महामारी के दौरान देश में टीकाकरण अभियान और स्वदेशी वैक्सीन को लेकर भी उन्होंने सरकार की भूमिका को रेखांकित किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की विकास यात्रा में आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ सांस्कृतिक विरासत को भी महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने एक्सप्रेस-वे, वंदे भारत ट्रेन, नए हवाई अड्डों और डिजिटल तकनीक के साथ अयोध्या, काशी और उज्जैन में हुए धार्मिक-सांस्कृतिक विकास कार्यों का उल्लेख किया।यात्रा में शामिल युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने मोटरसाइकिल की गति, दिशा और अनुशासन को जीवन से जोड़ते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाने का आह्वान किया। उन्होंने नशे, हिंसा और नकारात्मकता से दूर रहकर खेल, शिक्षा, कृषि, उद्योग और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने की अपील की।मुख्यमंत्री ने यात्रा में शामिल लोगों से प्रत्येक पड़ाव पर सेवा कार्य करने और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महेंद्रगढ़ क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं। उन्होंने नांगल चौधरी के पूर्व विधायक डॉ.अभय सिंह यादव की मांग पर बलाह कलां गांव के जलघर को नहर से पाइपलाइन के माध्यम से जोड़ने की घोषणा की।इसके अलावा गोद गांव में ई-लाइब्रेरी,बलाह खुर्द में हनुमान सिंह के खेत से राजस्थान सीमा तक रास्ता पक्का करने और गांव में बालाजी मंदिर के सामने खाली जमीन पर व्यायामशाला बनाने की घोषणा की गई।कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने वडनगर से वाराणसी जा रही सेवा यात्रा में शामिल युवाओं से संवाद किया। युवाओं ने यात्रा के दौरान राजस्थान से गुजरते समय के अपने अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।







