अंबाला (अंकुर कपूर): इनेलो सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला अंबाला में इनेलो कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे। अंबाला पहुंचने पर इनेलो कार्यकर्ताओं द्वारा उनका फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर भारी संख्या में इनेलो नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंच से चौटाला में कांग्रेस पर जमकर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने साजिश के तहत मुझे जेल भेजने का काम किया।
इस मौके पर उन्होंने मंच से कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि मैं गांव का रहने वाला हूं और हर किसी के दुख-सुख में पहुंचा हूं। लेकिन 2005 में हमारी सरकार जाने के बाद कांग्रेस की सरकार ने एक साजिश के तहत मुझे जेल भेजने का काम किया। उन्होंने कहा कि मेरा कसूर केवल इतना था कि हमारी सरकार ने 3 हजार पढ़े-लिखे लोगों को नौकरी देने का काम किया था। उन्होंने कहा कि जिनको नौकरी मिली उनकी तो तरक्की हो गई। लेकिन हमारा दुर्भाग्य रहा कि नौकरी दिलाने वाली सरकार के मुख्या को जेल जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि लोगों को विश्वास था ये पार्टी ही लोगों की हित का काम करेगी।
उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने अपने स्वार्थ के लिए लोगों में नफरत का बीज बोने का काम किया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर देश के लोगों को धर्म और जाति के नाम पर बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने मंच से वहां पर बैठे कार्यकर्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि मैं आप लोगों का आभार प्रकट करने आया हूं। वहीं उन्होंने भारत सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एक साल किसान दिल्ली बॉर्डर पर कृषि कानूनों के विरोध में धरने पर बैठे रहे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री को हार मानते हुए न केवल काले कानून वापिस लेने पड़े बल्कि किसानों से माफी भी मांगनी पड़ी।







