Home Haryana दीपक मंगला बने भाजपा हरियाणा के प्रदेश उपाध्यक्ष, समर्थकों में उत्साह

दीपक मंगला बने भाजपा हरियाणा के प्रदेश उपाध्यक्ष, समर्थकों में उत्साह

44
0

सुंदर कुंडू, पलवल। भारतीय जनता पार्टी द्वारा हाल ही में प्रदेश संगठन में किए गए नए नियुक्तियों के तहत पलवल के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक दीपक मंगला को प्रदेश उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नियुक्ति के बाद उनके आवास पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए खुशी जाहिर की।

नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक मंगला ने इस अवसर पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता प्रदेश और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को आम जनता तक पहुंचाना और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना रहेगा।

दीपक मंगला ने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं की ताकत से आगे बढ़ता है और प्रदेशभर में पार्टी को और सशक्त बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे।

उपचुनावों के हालिया परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंगला ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और वह केवल सरकार पर निराधार आरोप लगाने तक सीमित रह गया है। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष चुनाव हारता है तो ईवीएम पर सवाल उठाता है, लेकिन जब चुनाव में जीत हासिल करता है तो उसी ईवीएम पर कोई सवाल नहीं उठाता।

मंगला ने दावा किया कि जनता का विश्वास भाजपा और उसकी नीतियों के प्रति लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण पार्टी को चुनावों में लगातार सफलता मिल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास, सुशासन और जनसेवा के एजेंडे पर काम कर रही है और यही कारण है कि जनता का समर्थन पार्टी के साथ मजबूती से जुड़ा हुआ है।

प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद पलवल सहित आसपास के क्षेत्रों के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि दीपक मंगला के संगठनात्मक अनुभव का लाभ पार्टी को प्रदेश स्तर पर मिलेगा और इससे संगठन को और मजबूती मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here