डबवाली,25 दिसंबर —हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और राजनीति के दिग्गज नेता ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर शोक की लहर है। देशभर से कई बड़े नेता, समाजसेवी और अन्य हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंच रही हैं। इसी क्रम में योग गुरु बाबा रामदेव और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी भी ओम प्रकाश चौटाला के निवास स्थान तेजा खेड़ा फार्म पहुंचे।
राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भी दी श्रद्धांजलि
बाबा रामदेव ने दिवंगत ओम प्रकाश चौटाला के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया। उन्होंने चौटाला परिवार के साथ सहानुभूति प्रकट करते हुए कहा, “ओम प्रकाश चौटाला एक कुशल नेता और मजबूत व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने हरियाणा और देश की राजनीति में एक अमिट छाप छोड़ी है। उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा।” बाबा रामदेव ने परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी और उन्हें धैर्य बनाए रखने की सलाह दी। वहीं राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भी तेजा खेड़ा फार्म पहुंचकर ओम प्रकाश चौटाला को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने चौटाला परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि चौटाला न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश के किसानों और कमजोर वर्गों के लिए प्रेरणा स्रोत थे। जयंत चौधरी ने उनकी राजनीतिक और सामाजिक उपलब्धियों को याद किया और कहा कि उनकी विरासत हमेशा जीवित रहेगी।







