Home Haryana पारिवारिक विवाद के बाद युवक का हाईवे पर हंगामा, ट्रक के आगे...

पारिवारिक विवाद के बाद युवक का हाईवे पर हंगामा, ट्रक के आगे कूदकर गंभीर रूप से घायल

3
0

अंबाला। पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक ने मंगलवार को अंबाला-दिल्ली हाईवे पर जमकर हंगामा किया और आत्मघाती कदम उठाकर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। पत्नी से विवाद के बाद युवक ने पहले हाईवे पर आत्महत्या की धमकी दी और फिर अचानक फ्लाईओवर पर गुजर रहे एक ट्रक के सामने छलांग लगा दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में अस्पताल में भी उसने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल कर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी शक्ति कपूर की शादी करीब आठ वर्ष पहले लक्ष्मी से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। पत्नी लक्ष्मी का आरोप है कि उसका पति शराब के नशे में अक्सर मारपीट करता था। घरेलू विवाद से परेशान होकर वह दो दिन पहले अपने तीनों बच्चों के साथ अंबाला शहर स्थित मानव चौक के पास अपने मामा के घर आ गई थी।

मंगलवार को शक्ति कपूर भी अंबाला पहुंच गया और पत्नी को अपने साथ ले जाने को लेकर विवाद करने लगा। बताया जा रहा है कि जब लक्ष्मी बच्चों के साथ रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी, तभी काली पलटन पुल के पास युवक ऑटो से उतर गया और हाईवे किनारे हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान उसने आत्महत्या की धमकी दी और अचानक दिल्ली की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के सामने कूद गया।

हादसे में युवक की दोनों टांगों में फ्रैक्चर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के दौरान उसने कथित तौर पर कैंची से खुद पर हमला करने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल स्टाफ ने समय रहते उसे रोक लिया।

लालकुर्ती चौकी प्रभारी राजिंद्र ने बताया कि पुलिस को पहले सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हाईवे के डिवाइडर पर खड़े होकर हंगामा कर रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं था। एक समय तो वह ईंट उठाकर पुलिसकर्मियों के पीछे भी दौड़ पड़ा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस उसे चौकी लेकर आई थी।

पुलिस अधिकारी के अनुसार बाद में परिजनों के कहने पर उसे रेलवे स्टेशन भेजा गया, लेकिन कुछ ही देर बाद ट्रक के सामने कूदने की सूचना मिली। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव को कारण माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here