Home Haryana पुरानी रंजिश में डेयरी संचालक की पीट-पीटकर हत्या, 10 से अधिक हमलावरों...

पुरानी रंजिश में डेयरी संचालक की पीट-पीटकर हत्या, 10 से अधिक हमलावरों ने किया हमला

4
0

बहादुरगढ़। शहर के सूर्य नगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। गली नंबर-6 में डेयरी संचालक पर 10 से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में भारी रोष है। उन्होंने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।

पुलिस के अनुसार सूर्य नगर निवासी जीवन मंगलवार सुबह करीब छह बजे मोटरसाइकिल पर गोबर की ट्रॉली लेकर उसे फेंकने जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में जीवन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया है।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ माह पहले जीवन और उनके पड़ोसी तथा फाइनेंसर रमेश के बीच पशुओं के चारे की होद को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें डंडे और बरछों का इस्तेमाल किया गया था। घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए थे, जबकि जीवन की पत्नी अमन भी बरछी लगने से जख्मी हुई थीं।

उस मामले में जीवन की शिकायत पर रमेश और अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया था। परिजनों का आरोप है कि उसी विवाद की रंजिश में सुनियोजित तरीके से इस हत्या को अंजाम दिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

इस वारदात के बाद सूर्य नगर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here