हिसार। कैमरी रोड स्थित पुल के पास शराब ठेके के नजदीक 32 वर्षीय सेल्समैन पवन यादव की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि वारदात से पहले पवन अपने दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ युवकों से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। विवाद शांत होने के बाद पवन बाइक से वहां से निकलने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर युवकों ने उसे घेरकर हमला कर दिया।
हमले में पवन गंभीर रूप से घायल होकर बाइक समेत सड़क पर गिर गया। उसके सीने पर चाकू से वार किए गए। आसपास मौजूद लोगों और एक ऑटो चालक की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में पवन को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान मोहित नगर निवासी पवन यादव के रूप में हुई है। वह एक रंग-पेंट कंपनी में सेल्समैन के तौर पर काम करता था। मूल रूप से गांव गंगवा का रहने वाला पवन पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ मोहित नगर में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, वह तीन बहनों का इकलौता भाई और परिवार का मुख्य कमाने वाला था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना से पहले पवन अपने दो दोस्तों के साथ शराब ठेके के पास बैठा था। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर पवन और एक युवक के बीच बहस हो गई। दोस्तों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत करा दिया। इसके बाद पवन का दोस्त सन्नी उसे अपने घर चलने के लिए कह रहा था। पवन बाइक लेकर वहां से निकल गया, लेकिन कुछ ही दूरी पर उस पर हमला कर दिया गया।
आजाद नगर थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सोनू पुत्र बलबीर के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस की शुरुआती जांच में पवन और आरोपी सोनू के बीच पहले भी विवाद होने की बात सामने आई है। थाना प्रभारी मनदीप के अनुसार, करीब चार-पांच दिन पहले दोनों के बीच काम को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस इस पुराने विवाद को भी हत्या की वजह से जोड़कर जांच कर रही है।
पवन की पत्नी पांच महीने की गर्भवती है और उसके दो बच्चे भी हैं। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला बताया जा रहा है। हत्या की सूचना मिलने के बाद परिजन देर रात करीब एक बजे सिविल अस्पताल पहुंचे। पवन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
घटना की सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना प्रभारी मनदीप पुलिस टीम के साथ सिविल अस्पताल पहुंचे। डीएसपी कमलजीत ने भी अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
पवन की हत्या के साथ हिसार जिले में पिछले 10 दिनों के भीतर हत्या की पांचवीं वारदात सामने आई है। इससे पहले तलवंडी रुक्का में अंतरजातीय प्रेम विवाह से जुड़ी रंजिश में वृद्ध की हत्या, आदमपुर में किशोरी की कथित ऑनर किलिंग, चंदन नगर में कार वॉशिंग सर्विस सेंटर संचालक की हत्या और कोर्ट परिसर में गैंगस्टर की हत्या के मामले सामने आ चुके हैं। लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं ने जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।







