Home Haryana बहादुरगढ़ में नकली मोबिल ऑयल का खेल उजागर, फैक्ट्री से दो ड्रम...

बहादुरगढ़ में नकली मोबिल ऑयल का खेल उजागर, फैक्ट्री से दो ड्रम जब्त

8
0

बहादुरगढ़। शहर थाना पुलिस ने एमआईई पार्ट-1 स्थित एक औद्योगिक इकाई में छापेमारी कर कथित रूप से नकली वाल्वोलाइन ब्रांड का मोबिल ऑयल तैयार और संग्रहीत किए जाने के मामले का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 210-210 लीटर क्षमता के दो ड्रम बरामद किए हैं। मामले में कॉपीराइट अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस को यह शिकायत वाल्वोलाइन कमिंस इंडिया लिमिटेड की अधिकृत एजेंसी लांसर नेटवर्क लिमिटेड के ऑपरेशन मैनेजर लाल सिंह कादयान की ओर से मिली थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एमआईई पार्ट-1 के प्लॉट नंबर-169 स्थित फैक्ट्री में वाल्वोलाइन कंपनी के नाम से नकली प्रीमियम ब्लू 7800 मोबिल ऑयल रखा गया है।

सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने फैक्ट्री में छापेमारी की। जांच के दौरान परिसर से वाल्वोलाइन ब्रांड के लेबल लगे दो ड्रम मिले। शिकायतकर्ता ने मौके पर निरीक्षण करते हुए बताया कि ड्रमों पर लगे स्टीकर कंपनी के मूल उत्पाद से मेल नहीं खाते और उन पर आवश्यक बारकोड भी मौजूद नहीं था, जिससे उत्पाद के नकली होने की आशंका और गहरा गई।

पुलिस ने फैक्ट्री संचालक जतिन से तेल की खरीद और भंडारण से संबंधित बिल तथा अन्य दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने दोनों ड्रमों को कब्जे में लेकर सील कर दिया।

जांच अधिकारी एसआई धर्मेंद्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 और 65 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद तेल की गुणवत्ता, उसकी वास्तविकता और सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित नकली उत्पाद कहां से लाया गया और इसे किन बाजारों में खपाने की तैयारी थी।

प्रारंभिक जांच में यह मामला ब्रांड की साख को नुकसान पहुंचाने और उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here