सिरसा (अंकुर कपूर): सिरसा में पुरानी रंजिश में एक युवक को पिटाई के बाद नग्न अवस्था में बाजार में घुमाने का मामला सामने आया है। जिसके चलते इस मामले में पुलिस ने 7 युवकों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि मंगलवार रात दो गुटों में पुरानी रंजिश के चलते झगड़ा हो गया। इस बीच एक पक्ष के लोगों ने विशाल नाम के युवक को काबू किया और उसकी पिटाई की। बाद में गोल डिग्गी चौक से लेकर कीर्ति नगर चौकी तक आरोपी युवक उसे नग्न हालत में वहां ले गए।
इस संगीन मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित युवक को अस्पताल में दाखिल करवाया। युवक को 11 जगह चोटें भी आई हैं। फिलहाल पुलिस ने सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी ने कहा कि गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं होगी। जो भी ऐसा करेगा उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।
डीएसपी साधु राम ने पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। शहर थाना में पत्रकारों से बात करते हुए डीएसपी साधु राम ने बताया कि आरोपी युवकों ने दहशत फैलाने के लिए यह तालिबानी कृत्य किया। जिसको लेकर शहर थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने सात युवकों को गिरफ्तार किया है।







