फरीदाबाद | हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (HVPNL) के कार्यकारी अभियंता (XEN) दीपक गर्ग को ₹30,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर लंबित बिलों का भुगतान जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ब्यूरो के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि एचवीपीएनएल के टीएस डिवीजन, सेक्टर-23, फरीदाबाद में तैनात एक्सईएन दीपक गर्ग लंबित बिलों का भुगतान जारी करने के एवज में ₹30,000 की रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता ब्यूरो ने तथ्यों का सत्यापन किया, जिसमें शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसवी एंड एसीबी की फरीदाबाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी अधिकारी को शिकायतकर्ता से ₹30,000 की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। ब्यूरो ने बताया कि पूरी ट्रैप कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के प्रावधानों के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए संपन्न कराई गई।
इस मामले में थाना एसवी एंड एसीबी, फरीदाबाद में एफआईआर संख्या 18, के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच के दौरान रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी।
इस कार्रवाई के साथ ही हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आम नागरिकों से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील की है। ब्यूरो ने कहा कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी वैधानिक कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 94178-91064 पर दी जा सकती है। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।







