Home Crime करनाल में दोहरे हत्याकांड की साजिश नाकाम, दो गैंगों से जुड़े पांच...

करनाल में दोहरे हत्याकांड की साजिश नाकाम, दो गैंगों से जुड़े पांच बदमाश गिरफ्तार

5
0

करनाल|  हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने करनाल में दो लोगों की हत्या की साजिश को समय रहते विफल करते हुए दो अलग-अलग आपराधिक गिरोहों से जुड़े पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विदेशी ऑटोमैटिक पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक थार वाहन बरामद किया गया है। अदालत ने सभी आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जाएगी।

एसटीएफ के प्रभारी दीपेंद्र राणा ने बताया कि  पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश करनाल में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर उचाना के पास पृथ्वीराज चौहान चौक के निकट नाकाबंदी कर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान काले रंग की थार को रोककर उसमें सवार पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से पांच विदेशी ऑटोमैटिक पिस्टल, 14 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही थार गाड़ी बरामद की गई। पुलिस ने सभी हथियारों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्रगढ़ निवासी विकास उर्फ विक्की, नई दिल्ली निवासी अशफाक, राजस्थान निवासी प्रिंस खरड़िया और संजय बट्ठ तथा पंजाब के अमृतसर निवासी गुरलाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी अलग-अलग आपराधिक गिरोहों से जुड़े हुए हैं।

अदालत में पेशी के बाद दिल्ली निवासी अशफाक को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है, जबकि अन्य चार आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर सौंपा गया है। एसटीएफ अब रिमांड के दौरान यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपी किस गिरोह के निर्देश पर करनाल पहुंचे थे, उनका असली निशाना कौन था और वारदात को अंजाम देने के पीछे क्या मकसद था।

जांच एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई करने वाले लोगों और उनके अन्य साथियों से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here