चरखी दादरी | दादरी शहर के व्यस्ततम क्षेत्र में स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। रोहतक रोड पर सदर व सिटी थानों से महज 250 मीटर दूरी पर स्थित शाखा में चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घुसपैठ की और लगभग 5 किलो सोना व 14 लाख रुपये नकद चुराकर फरार हो गए। शुरुआती आकलन के अनुसार, चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 7 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
सुबह गार्ड के पहुंचने पर चला चोरी का पता
वारदात का खुलासा सुबह उस समय हुआ जब सिक्योरिटी गार्ड शिवा ड्यूटी पर पहुंचा और देखा कि गेट का ताला टूटा हुआ है। इस पर उसने तुरंत सूचना शाखा के सीनियर मैनेजर प्रयास खत्री को दी। इसके बाद पुलिस, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स और क्राइम इन्वेस्टिगेशन टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
शाखा में 400 ग्राहकों का सोना जमा
सिक्योरिटी इंचार्ज सतबीर सिंह जांगड़ा ने बताया कि शाखा वर्ष 2019 से संचालित हो रही है और यहां करीब 400 ग्राहकों का सोना सुरक्षित रूप से रखा गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जांच अधिकारी कुलदीप के अनुसार, फॉरेंसिक टीम ने कुछ अहम साक्ष्य जुटाए हैं, और जल्द ही मामले की परतें उजागर हो सकती हैं। फिलहाल पुलिस इस चोरी को एक सुनियोजित वारदात मानकर जांच को आगे बढ़ा रही है।







