Home Accident स्कूटी चलाने के विवाद ने ली हिंसक रूप, दुकानदार को दुकान से...

स्कूटी चलाने के विवाद ने ली हिंसक रूप, दुकानदार को दुकान से खींच कर बेरहमी से पीटा

131
0

फरीदाबाद  |  डबुआ कॉलोनी में एक मामूली कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया जब कुछ युवकों ने एक फास्ट फूड दुकानदार को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। घायल हालत में दुकानदार को पहले बीके अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे दिल्ली रेफर किया गया। फिलहाल वह सेक्टर-11 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती है और इलाज जारी है।

मूल रूप से मुरैना (मध्य प्रदेश) निवासी विपिन फरीदाबाद के डबुआ कॉलोनी के ई-ब्लॉक में किराए पर रहते हैं और वहीं फास्ट फूड की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि 9 मई की सुबह वह अपने दोस्त अंकित का सामान लेकर बाइक से एनआईटी जा रहे थे, तभी डबुआ मंडी के पास तीन युवकों की तेज रफ्तार स्कूटी अचानक उनकी बाइक के सामने आ गई। विपिन ने स्कूटी धीमी चलाने की सलाह दी, जिससे बहस हो गई और युवकों ने जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।

शाम को हमला, दुकान से खींच कर पीटा

विपिन ने बताया कि उसी दिन शाम करीब 8:30 बजे, जब वह अपनी दुकान पर खाना बना रहे थे, तो 6-7 युवक अचानक पहुंचे और उन्हें दुकान से खींचकर बाहर ले गए। आरोपियों ने डंडों और ईंट-पत्थरों से सिर व शरीर पर बेरहमी से वार किया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गए। ज्वैलर्स शॉप पर काम करने वाले सलमान नामक युवक ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

दिल्ली रेफर करने की बजाय निजी अस्पताल में कराया भर्ती

विपिन की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें सफदरजंग अस्पताल दिल्ली रेफर किया, लेकिन उनके भाई के दोस्त ने उन्हें फरीदाबाद के सेक्टर-11 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।

आरोपियों के नाम सामने आए, गिरफ्तारी बाकी

पीड़ित ने बताया कि हमलावरों में सूरज (नंगला निवासी), चंदन उर्फ छोटू, पीयूष, शाहिद उर्फ भोलू, सोनू यादव, हर्ष और किस्सु शामिल हैं। सभी के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस जांच जारी

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here