हांसी | हिसार जिले के चर्चित जिम संचालक कपिल रेढू हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए-2 टीम ने बुधवार देर रात हुई मुठभेड़ के बाद मामले के एक अहम आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर हत्या की साजिश में शामिल होने, वारदात के लिए हथियार उपलब्ध कराने और मृतक की रेकी करने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि भिवानी जिले के गांव बुटाना निवासी रोहित गांव पुठी मंगल खां की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर सीआईए-2 की टीम ने इंस्पेक्टर कप्तान सिंह के नेतृत्व में इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें रोहित के पैर में गोली लग गई। इस दौरान आरोपी की गोली पुलिस वाहन को भी लगी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर पहले नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 11 जून को फव्वारा चौक के पास जिम संचालक कपिल रेढू की हत्या में रोहित की अहम भूमिका थी। जांच एजेंसियों के अनुसार उसने वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल उपलब्ध कराई थी और हत्या से पहले कपिल रेढू की गतिविधियों की रेकी भी की थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी मुख्य शूटर सुंदर के लगातार संपर्क में था।
गौरतलब है कि 11 जून की सुबह बाइक सवार दो हमलावरों ने कपिल रेढू पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनकी हत्या कर दी थी। इस मामले में करीब 15 दिन पहले मुख्य आरोपी प्रवेश और हिमांशु हरियाणा एसटीएफ तथा दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान बहादुरगढ़ के पास हुई मुठभेड़ में मारे गए थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे हत्याकांड से जुड़े नेटवर्क, साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर विस्तृत खुलासा किया जाएगा। जांच एजेंसियां मामले के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही हैं।







