Home Haryana कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का ट्रायल टला, जल्द शुरू होगा रेल संचालन

कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का ट्रायल टला, जल्द शुरू होगा रेल संचालन

2
0

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र में बहुप्रतीक्षित एलिवेटेड रेलवे ट्रैक पर गुरुवार को प्रस्तावित ट्रेन ट्रायल फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रैक पर कुछ तकनीकी और निर्माण कार्य अभी शेष हैं, जिन्हें पूरा होने में एक से दो दिन का समय लग सकता है। ऐसे में अब ट्रायल रन 10 जुलाई या उसके बाद कराए जाने की संभावना है। यदि सभी कार्य समय पर पूरे हो जाते हैं तो परीक्षण के तुरंत बाद नियमित रेल संचालन भी शुरू किया जा सकता है। हालांकि भाजपा नेताओं की ओर से 9 जुलाई को ट्रायल होने का दावा किया जा रहा था, लेकिन रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी सुरक्षा मानकों के पूरा होने के बाद ही ट्रायल कराया जाएगा।

बुधवार को रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) दिनेश चंद देशवाल ने अंबाला मंडल के डीआरएम और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एलिवेटेड ट्रैक का अंतिम निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश के हापुड़ से मंगाई गई आठ विशेष ट्रॉलियों की मदद से पूरे ट्रैक की तकनीकी और सुरक्षा संबंधी जांच की गई। अधिकारियों ने धीमी गति से ट्रैक का निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों, सिग्नलिंग व्यवस्था और अन्य तकनीकी पहलुओं का बारीकी से परीक्षण किया।

सीआरएस की मंजूरी के बाद अब एलिवेटेड ट्रैक को पुरानी रेलवे लाइन से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए गुरुवार रात विशेष मशीनों की सहायता से मौजूदा पटरियों को काटकर नई एलिवेटेड लाइन से जोड़ा जाएगा। इस प्रक्रिया को पूरा होने में एक से दो दिन का समय लग सकता है। इसी कार्य के चलते कुरुक्षेत्र-नरवाना रेलखंड पर करीब 8 से 10 घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा। इसके बाद पुरानी रेलवे लाइन हटाने का कार्य शुरू होगा और नए ट्रैक पर ट्रेनों के संचालन की तैयारियां पूरी की जाएंगी।

रेलवे अधिकारियों ने गांधी नगर से मिर्जापुर गांव के समीप 79/19 किलोमीटर प्वाइंट तक लगभग 5.84 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक का निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रैक की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों, पुलियों, ऊंचाई, सिग्नलिंग सिस्टम और नीचे से गुजरने वाले मार्गों की जांच की गई। साथ ही रेलवे स्टेशन परिसर, टिकट घर, प्लेटफॉर्म और स्टेशन भवन का भी निरीक्षण किया गया ताकि संचालन शुरू होने से पहले किसी प्रकार की तकनीकी कमी न रहे।

कुरुक्षेत्र जंक्शन के स्टेशन मास्टर शंकर लाल मीणा के अनुसार एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का औपचारिक उद्घाटन 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से वर्चुअल माध्यम से करेंगे। हालांकि उद्घाटन से पहले ही इस ट्रैक पर नियमित रेल संचालन शुरू करने की योजना है, जिससे यात्रियों को नई सुविधा का लाभ मिल सके।

करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस परियोजना का निर्माण हरियाणा रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HRIDC) की ओर से कराया जा रहा है। परियोजना में लगभग 250 करोड़ रुपये एलिवेटेड ट्रैक के निर्माण पर खर्च किए गए हैं, जबकि शेष राशि स्टेशन और प्लेटफॉर्म के आधुनिकीकरण पर लगाई जा रही है। इस परियोजना का शिलान्यास 22 अगस्त 2019 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया था।

एलिवेटेड रेलवे ट्रैक शुरू होने के बाद शहर के झांसा रोड, कच्चा घेर, शास्त्री मार्केट, एलएनजेपी अस्पताल के सामने स्थित रेलवे फाटक और थर्ड गेट समेत पांच प्रमुख रेलवे फाटक समाप्त हो जाएंगे। इससे शहर में लंबे समय से लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और रेल यातायात पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, तेज और व्यवस्थित हो सकेगा। साथ ही मेट्रो मॉडल की तर्ज पर तैयार किया जा रहा नया रेलवे स्टेशन यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here