गोहाना। महम-गोहाना रोड पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भंडेरी गांव के निकट अचानक सड़क पर नीलगायों का झुंड आ जाने से एक बोलेरो नियो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के जिला महासचिव आनंद शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गांव छपरा निवासी आनंद शर्मा रात करीब 11:30 बजे अपनी बोलेरो नियो से गोहाना से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भंडेरी गांव के पास पहुंचते ही अचानक नीलगायों का झुंड सड़क पर आ गया, जिससे चालक को संभलने का मौका नहीं मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झुंड में शामिल दो नीलगाय सड़क पार कर सुरक्षित खेतों की ओर निकल गईं, जबकि एक नीलगाय वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार आनंद शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य सड़कों पर वन्यजीवों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।







