Home Haryana अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पलवल में पहली बार होगी जलयोग प्रतियोगिता

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पलवल में पहली बार होगी जलयोग प्रतियोगिता

5
0
Screenshot

सुन्दर कुंडू ,पलवल | 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पलवल जिले में एक अनूठी जलयोग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में सैकड़ों जलयोगी पानी के भीतर विभिन्न योगासन कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिले में पहली बार होने जा रहा यह आयोजन योग प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

जलयोग में कई बार गोल्ड मेडल जीत चुके प्रताप सिंह डागर के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता का उद्देश्य लोगों को योग के नए स्वरूप से परिचित कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। प्रताप सिंह डागर ने बताया कि जलयोग, सामान्य थल योग की तुलना में अधिक कठिन माना जाता है, क्योंकि इसमें पानी के भीतर शरीर का संतुलन बनाए रखते हुए योगासन करने पड़ते हैं।

उन्होंने कहा कि जलयोग जितना चुनौतीपूर्ण है, उतना ही स्वास्थ्य के लिए लाभकारी भी है। इससे शरीर की कार्यक्षमता बढ़ती है, मानसिक एकाग्रता मजबूत होती है और फिटनेस में सुधार आता है। इसी सोच के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इस विशेष प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में प्रशिक्षित जलयोगी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और आम लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिले में तैयारियां जोरों पर हैं और जलयोग प्रतियोगिता को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यह आयोजन पलवल में योग के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक नई पहल माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here