Home Crime कुरुक्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, कार लूटकांड का आरोपी...

कुरुक्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, कार लूटकांड का आरोपी गोली लगने से घायल

4
0
Screenshot

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब पुलिस और कार लूटकांड में वांछित बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पिहोवा रोड स्थित मुर्तजापुर गांव के पास CIA-2 की टीम ने अंबाला में हुई कार लूट की वारदात में शामिल आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की थी। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके एक साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में दो अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार घायल आरोपी की पहचान बीड़ अमीन निवासी 24 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी लविश कैथल जिले के किठाणा गांव का रहने वाला है। घायल विशाल को उपचार के लिए कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विशाल करीब 10 से 15 दिन पहले ही जर्मनी से डिपोर्ट होकर भारत लौटा था और उसके बाद वह अपने घर भी नहीं गया था।

CIA-2 को गुप्त सूचना मिली थी कि अंबाला कार लूटकांड में शामिल आरोपी मुर्तजापुर गांव के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं। पुलिस के अनुसार एक गोली सरकारी वाहन को लगी, जबकि दूसरी गोली एक पुलिसकर्मी के बेहद नजदीक से गुजर गई। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें विशाल घायल हो गया और पुलिस ने उसे काबू कर लिया। वहीं उसका साथी लविश भी गिरफ्तार कर लिया गया।

यह मामला 12 जून की रात अंबाला में हुई कार लूट की घटना से जुड़ा है। टैक्सी चालक मंजीत कुमार ने शिकायत में बताया था कि चार युवकों ने कैथल जाने के लिए उसकी होंडा सिटी कार बुक की थी। रास्ते में अरुणाय कट के पास आरोपियों ने पेशाब करने के बहाने गाड़ी रुकवाई और हथियार के बल पर चालक को नीचे उतार दिया। इसके बाद आरोपी कार और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि लूटी गई कार का इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक वारदात के लिए किया जाना था या नहीं। इसके अलावा विशाल के आपराधिक रिकॉर्ड और विदेश से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here