चंडीगढ़ : चन्द्रिका ( TSN)-आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यालय से प्रेस वार्ता की। उनके साथ किसान विंग के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप भांभू और उपाध्यक्ष प्रवीण घुसकानी मौजूद रहे।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा की देश के किसान प्रधानमंत्री मोदी को उनका वादा याद दिलाने दिल्ली जा रहे हैं, लेकिन हरियाणा सरकार ने बॉर्डर सील कर दिए, सीमेंटेड ब्लॉक लगा दिए। जनता को भारी परेशानी हो रही है, परंतु हरियाणा पुलिस जिस तरीके से सड़कों को अवरूद्ध करने का काम कर रही है, वो निंदनीय है। गांव में जाकर किसानों को धमकाया जा रहा है। कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की हरियाणा पुलिस धमकी दे रही है। अंबाला में किसानों से उनके बैंक डिटेल, प्रॉपर्टी डिटेल मांगी जा रही है। वहीं कोई भी नुकसान होने पर संपत्ति कुर्क करने की धमकी भी दी गई है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूरे प्रदेश के अंदर धारा 144 लगवा दी गई है। आमजन को बेवजह परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को संबोधित करते हुए कहा कि आप ने खुद को किसान का बेटा कहकर जनता से वोट मांगने का काम किया था और अब आप भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर ये काम कर रहे हैं, जबकि चौधरी देवीलाल ने हमेशा से ही किसान हित की आवाज उठाने का काम किया था।
एमएसपी की मांग पूरी होनी चाहिए
वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण घुसकानी ने कहा की प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों से एमएसपी लागू करने का वादा किया था। किसान उसको लेकर ही शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे, जबकि हरियाणा सरकार ने किसानों के नाम पर जनता को तंग करना शुरू कर दिया हैकिसानों को ही दिल्ली जाने से रोका जा रहा है। हम मांग करते हैं कि एमएसपी की मांग पूरी होनी चाहिए।
किसान को अपनी बात मनवाना आता है : कुलदीप भांभू
वहीं प्रदेश अध्यक्ष किसान विंग कुलदीप भांभू ने कहा कि मोदी सरकार ने किसान नेताओं को तो खरीद लिया, लेकिन किसान अपनी मांगों को लेकर अड़ा हुआ है। समाज का ऐसा कोई अंग नहीं है चाहे युवा हो, किसान हो, मजदूर हों सबको त्रस्त करने का काम किया है। आम आदमी पार्टी किसानों की मांगों का पुरजोर समर्थन करती है।







