Home Haryana हरियाणा में 10 खेल नर्सरियों पर गिरी गाज, संसाधनों और अनियमितताओं के...

हरियाणा में 10 खेल नर्सरियों पर गिरी गाज, संसाधनों और अनियमितताओं के चलते बंद करने के आदेश

2
0
Screenshot

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने खेल सुविधाओं की बदहाल स्थिति और नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न जिलों में संचालित 10 खेल नर्सरियों को बंद करने का निर्णय लिया है। विभागीय जांच में खेल संसाधनों की कमी, खराब रखरखाव और खिलाड़ियों की उपस्थिति से जुड़े रिकॉर्ड में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने हाल ही में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राज्य की सभी राजकीय स्कूलों और पंचायतों के अधीन संचालित खेल नर्सरियों की विस्तृत ग्राउंड रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नर्सरियों का निरीक्षण किया और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की सिफारिश की।

जारी रिपोर्ट के अनुसार नूंह जिले के राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में संचालित तीन खेल नर्सरियों को बंद कर दिया गया है। यमुनानगर के शहीद परमिंद्र सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तेजली में संचालित साइक्लिंग नर्सरी पर भी ताला लगा दिया गया है।

इसके अलावा हिसार जिले में आर्य नगर स्थित राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की बॉक्सिंग नर्सरी, गंगवा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की दो फुटबॉल नर्सरियां तथा मसूदपुर पंचायत क्षेत्र की दो फुटबॉल नर्सरियों को भी बंद किया गया है। वहीं भिवानी के जीएमएसएसएस में संचालित बॉक्सिंग और वॉलीबॉल नर्सरियों को भी बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं।

जांच में सामने आईं गंभीर खामियां

खेल विभाग की जांच में पाया गया कि कई नर्सरियों में खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए आवश्यक खेल उपकरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। कई स्थानों पर खेल मैदानों की स्थिति बेहद खराब मिली, जिससे खिलाड़ियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हुए। इसके अलावा रिकॉर्ड में दर्ज खिलाड़ियों की संख्या और वास्तविक रूप से अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों की संख्या में बड़ा अंतर पाया गया।

ओलंपिक तैयारियों के मद्देनजर सख्त कदम

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि भारत वर्ष 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए प्रयासरत है। ऐसे में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और खेल ढांचे को मजबूत बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश को भविष्य में अधिक से अधिक ओलंपिक पदक दिलाने के लिए जमीनी स्तर पर खेल व्यवस्था को सुदृढ़ करना प्राथमिकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here