Karnal,25 January-:कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में देर शाम अचानक राजस्थान पुलिस की एक टीम की दबिश ने हड़कंप मचा दिया। मोबाइल लोकेशन के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एक युवक को हिरासत में लिया गया, जिसे पुलिस “आउटसाइडर” बता रही है। यह मामला राजस्थान में एक नाबालिग लड़की को भगाने से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक,राजस्थान में नाबालिग लड़की को एक युवक ने भगाया था। इस मामले में उसके एक दोस्त की भी भूमिका बताई जा रही है, जो उसी राज्य का रहने वाला है। पुलिस का दावा है कि भगाए गए लड़के में से एक आरोपी करनाल तक पहुंचा और कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में छिप गया।हिरासत में लिया गया युवक मेडिकल कॉलेज का छात्र नहीं है। बताया जा रहा है कि वह एक MBBS छात्र की मदद से हॉस्टल में ठहरा हुआ था। राजस्थान पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और मोबाइल लोकेशन के जरिए करनाल में उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम तुरंत रवाना कर दी गई।
राजस्थान CIA की टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर युवक का सटीक पता लगाया और सीधे हॉस्टल में दबिश दी। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसने नाबालिग लड़की और मुख्य आरोपी को कहां-कहां छिपाने में मदद की।पुलिस अधिकारी महावीर सिंह के अनुसार, फिलहाल हिरासत में लिए गए युवक से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि नाबालिग लड़की और उसे भगाने वाला मुख्य आरोपी इस समय कहां हैं।इस मामले में राजस्थान पुलिस ने अभी तक ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि आगे की कार्रवाई पर अपडेट जल्द ही सामने आएंगे।







