कैथल। जिले में शनिवार तड़के लूट की दो वारदातों को अंजाम देकर फरार हो रहे चार बदमाशों में से तीन को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और आरोपियों के बीच दो अलग-अलग स्थानों पर हुई कार्रवाई के दौरान तीनों बदमाश घायल हो गए, जबकि उनका एक साथी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार देर रात कलायत क्षेत्र स्थित सहारण होटल में चार हथियारबंद बदमाश लूटपाट के इरादे से पहुंचे थे। हालांकि होटल संचालक रामनरेश, कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों के विरोध के चलते आरोपी अपनी योजना में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
होटल से भागने के बाद आरोपी बलराज नगर स्थित त्रिमूर्ति कांटे के समीप एक पेट्रोल पंप के बाहर पहुंचे। यहां उन्होंने स्कूटी सवार एक व्यक्ति को रोक लिया और हथियार के बल पर उसे धमकाया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके सिर पर डंडे से हमला कर दिया। पीड़ित के गिरने के बाद बदमाश उसकी स्कूटी और डिग्गी में रखी करीब 60 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सीआईए कलायत और एवीटी कैथल की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाते हुए आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया। पहली मुठभेड़ शुगर मिल के नजदीक हुई, जहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी और उन्हें काबू कर लिया गया।
इसके बाद सुबह करीब 7:15 बजे गांव ग्योंग के खेतों में दूसरी मुठभेड़ हुई, जिसमें तीसरा आरोपी भी घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जींद जिले के गांव खांडा निवासी अंकित, गोलू और निरंजन के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं या नहीं।
फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।







