Home Crime चेलावास गांव में महिला की हत्या, देवर पर लाठी से पीटकर मारने...

चेलावास गांव में महिला की हत्या, देवर पर लाठी से पीटकर मारने का आरोप

1
0

महेंद्रगढ़। जिले के कनीना क्षेत्र स्थित चेलावास गांव में  शाम एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। आरोप है कि पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी भाभी पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान अंजली के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, गांव निवासी अमित पर अपने बड़े भाई मनोज की पत्नी अंजली की लाठी से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। घटना शाम करीब साढ़े छह बजे की बताई जा रही है। उस समय परिवार के अन्य सदस्य भी घर के आसपास मौजूद थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार के भीतर काफी समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, घटना से पहले भी परिवार के सदस्यों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद विवाद हिंसक रूप ले बैठा। इसी दौरान महिला पर कथित हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उप नागरिक अस्पताल कनीना के शवगृह में भिजवा दिया। पुलिस का कहना है कि अभी तक मामले में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन उपलब्ध साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर जांच जारी है।

ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी का परिवार पहले भी विवादों को लेकर चर्चा में रहा है। हालांकि पुलिस फिलहाल केवल वर्तमान मामले की जांच पर ध्यान केंद्रित कर रही है। जांच अधिकारी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाने में लगे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि चेलावास गांव में पिछले एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी हत्या की घटना है। इससे पहले 4 जून को गांव की ही 55 वर्षीय महिला ओमपती की कथित रूप से जमीनी विवाद के चलते हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पुलिस छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here