Karnal, 23April-करनाल जिले के रहने वाले 26 वर्षीय भारतीय नौसेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हो गए। यह दिल दहला देने वाली घटना तब हुई जब वे हनीमून पर पत्नी के साथ कश्मीर गए हुए थे।
बता दें कि 19 अप्रैल को ही विनय नरवाल का विवाह हुआ था और वे छुट्टी पर थे। वे कोच्चि में तैनात थे और शादी के बाद अपनी पत्नी के साथ श्रीनगर और पहलगाम घूमने गए थे।जानकारी के अनुसार, पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा किया गया यह कायराना हमला बेहद भयावह था। इस हमले में अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की उम्र मात्र 26 वर्ष थी और वे हरियाणा के करनाल जिले के सेक्टर 7 में रहते थे। परिवार में शोक की लहर है। आज सुबह उनके परिजनों के कुछ सदस्य श्रीनगर के लिए रवाना हो गए हैं।देश ने एक होनहार और समर्पित जवान को खो दिया है। उनकी शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा।







