हांसी। हरियाणा के हांसी शहर में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया, जहां फव्वारा चौक के पास अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने एक जिम संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। सुबह करीब 5:30 बजे हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। हमलावरों ने बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए जिम संचालक को निशाना बनाया और कुछ ही सेकेंड में मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मृतक कपिल चौक के समीप दुकानों के रैंप पर युवक-युवतियों को मॉर्निंग एक्सरसाइज और वार्म-अप करवा रहा था। इसी दौरान हेलमेट पहने बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और उस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने करीब पांच सेकेंड के भीतर लगभग 10 राउंड फायर किए। कई गोलियां कपिल के सिर और पीठ में लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
फायरिंग के दौरान वहां मौजूद शिखा नामक युवती भी छर्रे लगने से घायल हो गई। उसे तुरंत उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में हमलावरों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए और फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कपिल मूल रूप से जींद जिले के दलमवाला गांव का निवासी था और पिछले कई वर्षों से हांसी में जिम संचालित कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसने कुछ समय पहले ही प्रेम विवाह किया था। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। इस घटना के बाद शहर में भय और तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







