पंचकूला (एकता)- हरियाणा के पंचकूला में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसे पढ़कर आप हैरान रह जाएंगे। बता दें कि बैंक की एक गलती ने रातों-रात एक युवक को लखपति बना दिया। मीडिया सूत्रों के अनुसार पंचकूला के सेक्टर 5 में एचडीएफसी बैंक ने गलती से एक 23 साल के युवक के अकाउंट में 21 लाख ट्रांसफर कर दिए। हालांकि यह मामला पिछले साल अक्टूबर का बताया जा रहा है। वहीं बैंक ने अब आरोप लगाया है कि उन्होंने युवक के साथ कई बार संपर्क करने की कोशिश की लेकिन वह कोई जवाब ही नहीं दे रहा।

जानकारी के मुताबिक जिस युवक के अकाउंट में बैंक ने गलती से जो पैसे डलवाए वो युवक अब यूके में पढ़ाई करता है। उसके पिता भी मनसा देवी कॉम्पलेक्स में ही रहते हैं और हिमाचल प्रदेश सरकार में एग्जिक्योटिव इंजीनियर के तौर पर नौकरी करते हैं। जब बैंक वालों ने उसके पिता से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि वह अब अपने बेटे से बात नहीं करता।
हैरानी की बात यह है कि एचडीएफसी में युवक का अकाउंट पिता की गारंटी पर ही खोला गया था। अब उसका पिता भी इस बात से मुकर रहा है। अब पुलिस इस मामले में जांच-पड़ताल कर रही है। मनसा देवी कॉम्प्लेक्स पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर सुशील कुमार ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच शुरू हो गई है और वे जल्द ही सरकार के जरिए ब्रिटेन में दूतावास से संपर्क करेंगे।







