यमुनानगर | शहर की अमर विहार कॉलोनी में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के बाथरूम की छत पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का पता तब चला जब घर का दरवाजा खुला मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जानकारी के अनुसार पत्नी रीना काफी समय से एक युवक को चोरी-छिपे अपने साथ घर में रखे हुए थी। इस बात की जानकारी जब पति को लगी तो दोनों के बीच झगड़ा हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक विवाद के बाद मृतक गुंजन का शव बाथरूम की छत पर पड़ा मिला। घटना के समय घर में न तो उसकी पत्नी रीना मौजूद थी और न ही उसके साथ रहने वाला युवक। ऐसे में पुलिस को दोनों पर शक है और उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक का गला कपड़े से दबाकर हत्या की गई है। उसके शरीर पर भी चोट के कई निशान पाए गए हैं। पुलिस ने मौके पर क्राइम टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। बताया जा रहा है कि मृतक और उसका परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और काफी समय से यमुनानगर में रहकर काम कर रहे थे।







